•के.के. मिश्रा, संवाददाता
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति, जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति, पीएम विश्वकर्मा जिला क्रियान्वयन समिति तथा विभाग द्वारा संचालित स्वरोजगारपरक योजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।

बैठक में सदस्य सचिव एवं उपायुक्त उद्योग द्वारा निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की जानकारी प्रस्तुत की गई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त उद्योग ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं, जैसे मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवं एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) वित्त पोषण योजना की प्रगति से समिति को अवगत कराया। साथ ही सीएम युवा अभियान की अद्यतन स्थिति पर भी विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने अग्रणी जिला प्रबंधक एसबीआई एवं उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के अंतर्गत प्राप्त एमओयू एवं जीबीसी 5.0 के प्रस्तावों की भी गहन समीक्षा की गई। उद्यमी मित्र विशाल श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि जनपद को 2000 करोड़ रुपये का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके सापेक्ष अब तक 1110 करोड़ रुपये का जीबीसी रेडी पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को अधिक से अधिक एमओयू हस्ताक्षरित कराने के निर्देश दिए, ताकि जनपद निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त कर सके।
इसी क्रम में पीएम विश्वकर्मा योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपायुक्त उद्योग से समन्वय स्थापित कर योजना के अंतर्गत प्राप्त सूची का भौतिक सत्यापन कर पात्र एवं अपात्र लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर प्रियम राजशेखर पांडे, उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा, उद्योग बंधु समिति सदस्य बब्लू गुप्ता, लीड बैंक मैनेजर पवन कुमार सिन्हा, जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत राजेश कुमार, जिला उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त मल्ल, जिला बाट माप अधिकारी बी.पी. वर्मा, श्रम प्रवर्तन अधिकारी मनोज कुमार, अरविंद पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्यमी एवं व्यापारीगण उपस्थित रहे।