•प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जारी की किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त, कृषि विज्ञान केंद्र में हुआ मुख्य कार्यक्रम।
मथुरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर मथुरा के कृषि विज्ञान केंद्र में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के संबोधन और किस्त जारी किए जाने का सजीव प्रसारण किया गया। जनपद के सभी विकास खंडों में भी कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को प्रसारण दिखाया गया।
उप कृषि निदेशक आवेश कुमार सिंह ने बताया कि जनपद के कुल 2,44,122 किसानों के बैंक खातों में 24वीं किस्त के रूप में 48.82 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई। इससे किसानों को आर्थिक सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को योजना के उद्देश्य, पात्रता और कृषि कार्यों में मिलने वाली आर्थिक सहायता की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने योजना को किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और कृषि निवेश में सहायक बताया।


