•आराध्या दुबे, रुद्र मौर्य और शिवम यादव को मिली साइकिल; प्रबंधक डॉ. राजेश गुप्ता ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह।
रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर:: डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के एस आर, पब्लिक स्कूल भडरिया बाजार में शुक्रवार को सामान्य ज्ञान (जीके) एवं कर्सिव राइटिंग प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं के सम्मान में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सुभाष कुमार एवं मुमताज मलिक के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता को तीन ग्रुपों तथा कर्सिव राइटिंग प्रतियोगिता को चार ग्रुपों में विभाजित किया गया था। दोनों प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक डॉ. राजेश गुप्ता ने सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के तीनों ग्रुपों के टॉपर्स आराध्या दुबे, रुद्र मौर्य एवं शिवम यादव को साइकिल प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं, कर्सिव राइटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार विद्यार्थियों को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर प्रबंधक डॉ. राजेश गुप्ता ने विजेता बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने से बच्चों की प्रतिभा में निखार आता है और उनमें आत्मविश्वास तथा आगे बढ़ने की भावना विकसित होती है। विद्यार्थियों को इसी तरह मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करते हुए अपने माता-पिता एवं विद्यालय का नाम रोशन करना चाहिए।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक अवधेश कुमार, आयोजक सुभाष कुमार एवं मुमताज मलिक के साथ सहायक अध्यापक सीबी पांडेय, मुकेश श्रीवास्तव, एसके मिश्रा, बीपी शर्मा, रवि कपूर, अंतिमा मिश्रा, कामिनी पांडेय, आबिदा खान एवं प्रियंका जायसवाल सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। इसके अलावा सभी विजेता छात्र-छात्राओं के अभिभावकों की भी उपस्थिति रही।
पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने, उनकी प्रतिभा को पहचान देने और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा।


