पुलिस लाइन में मुख्य आरक्षी की गोली लगने से संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस।

Vijaydoot News

मथुरा। पुलिस लाइन स्थित कैनरा बैंक गार्ड रूम में शनिवार शाम एक मुख्य आरक्षी की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू करा दी।

पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7:40 बजे कैनरा बैंक गार्ड में तैनात मुख्य आरक्षी योगेन्द्र कुमार ने सूचना दी कि गार्ड रूम में अकेले मौजूद मुख्य आरक्षी अजीत कुमार के कमरे से फायरिंग की आवाज आई। मौके पर पहुंचने पर अजीत कुमार घायल अवस्था में पड़े मिले। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाकर साक्ष्य संकलित किए गए। पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि गोली दुर्घटनावश चली या मामला आत्महत्या का है। दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *