रिपोर्ट:- विजय नागपाल।
मथुरा। इस्कॉन कृष्णा नगर, मथुरा के तत्वावधान में 16 जुलाई (गुरुवार) को भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं देवी सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस वर्ष भी देश-विदेश सहित विभिन्न राज्यों और आसपास के जनपदों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।




आयोजन का मुख्य कार्यक्रम राधा ऑर्किड, मथुरा में होगा। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 2:30 बजे भजन-कीर्तन से होगी। इसके बाद अतिथियों का स्वागत, लंच प्रसादम, भगवान श्री जगन्नाथ का स्वागत, छप्पन भोग अर्पण तथा महाआरती का आयोजन किया जाएगा। सायं 4:30 बजे भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा का शुभारंभ होगा, जिसका समापन सायं 7:45 बजे संध्या आरती के साथ होगा। इसके पश्चात रात्रि 8 बजे श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
रथयात्रा राधा ऑर्किड से प्रारंभ होकर मसानी चौराहा, डीग गेट, श्रीकृष्ण जन्मभूमि, पोतरा कुंड, महाविद्या चौराहा, महाविद्या कुंड, रामलीला ग्राउंड और कल्याणम करोति होते हुए पुनः राधा ऑर्किड पहुंचेगी।
आयोजकों ने बताया कि रथयात्रा में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा कई राज्यों एवं विदेशों से भी श्रद्धालु शामिल होंगे। उन्होंने मथुरा जनपद के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में रथयात्रा में सहभागिता कर भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।