रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख (सीतापुर)। मिश्रिख क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर सांसद प्रतिनिधि राजकुमार सोनी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि बार-बार की बिजली कटौती से आम जनता, व्यापारी, किसान और विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
राजकुमार सोनी ने बताया कि पूरे मामले से मिश्रिख सांसद अशोक कुमार रावत को अवगत कराया जाएगा। साथ ही विद्युत विभाग के प्रबंध निदेशक (एमडी) को पत्र भेजकर संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हर घंटे हो रही बिजली कटौती बेहद चिंताजनक है। यदि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों, विशेषकर एसडीओ और जेई, के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।सांसद प्रतिनिधि ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्रवासियों को निर्बाध और बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए हर स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।