जल जीवन मिशन की समीक्षा में अधिकारियों पर जताई नाराजगी, निर्माण कार्यों में तेजी लाने और सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग सुधारने के निर्देश
मनोज अग्रहरि
मीरजापुर। मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल राजेश प्रकाश ने जल जीवन मिशन के तहत जलापूर्ति में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर कर तीनों जनपदों में शत-प्रतिशत घरों तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने पाइपलाइन में लीकेज और पाइप फटने जैसी समस्याओं पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि शिकायतों का बार-बार मिलना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट भी किया जाएगा।
मंडलायुक्त बुधवार को आयुक्त सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही के अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था, निर्माण कार्यों, विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों, सीएम डैशबोर्ड, राजस्व वसूली और चकबंदी कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और मुख्य विकास अधिकारियों को जलापूर्ति की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के निर्देश दिए।
वन भूमि की बाधाएं दूर कर शुरू कराएं निर्माण
सड़क निर्माण की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने मीरजापुर के हलिया विकासखंड के मतवार सहित अन्य स्थानों पर निर्माणाधीन सड़कों और बकहर नदी पर लघु सेतु के निर्माण में आ रही वन भूमि संबंधी बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने बकहर नदी के मामले में प्रभागीय वनाधिकारी, राजस्व और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम से जांच कराकर भूमि विवाद का निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिया कि जिन सड़कों की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनका निर्माण तत्काल शुरू कराया जाए। गड्ढामुक्त अभियान के तहत चयनित सड़कों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। बजट के अभाव में लंबित परियोजनाओं के लिए शासन स्तर पर पैरवी कर धनराशि जारी कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अधिशासी अभियंताओं को स्वयं कार्यस्थलों का निरीक्षण कर प्रगति और गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए।
खराब रैंकिंग वाले विभागों को सुधार की चेतावनी
सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में खराब रैंकिंग वाले विभागों के अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए मंडलायुक्त ने अक्टूबर माह की प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि नवंबर में होने वाली समीक्षा बैठक में रैंकिंग खराब मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और शासन को भी अवगत कराया जाएगा।
उन्होंने मीरजापुर में फैमिली आईडी और प्रोजेक्ट अलंकार, सोनभद्र में आईसीडीएस पोषण अभियान, तीनों जनपदों में नई सड़कों के निर्माण, ओडीओपी योजना, श्रम सम्मान योजना तथा भदोही में सामूहिक विवाह और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति में सुधार लाने को कहा।
राजस्व वसूली और कानून व्यवस्था पर जोर
राजस्व वसूली की समीक्षा में मंडलायुक्त ने बड़े बकाएदारों के खिलाफ कार्रवाई कर वसूली में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व वादों के निस्तारण और चकबंदी कार्यों में भी तेजी लाने को कहा।
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान महिला उत्पीड़न, गुंडा एक्ट, गैंगस्टर और अवैध शराब की बिक्री सहित विभिन्न मामलों की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों को त्योहारों के मद्देनजर कानून व्यवस्था मजबूत रखने तथा अपराधियों, भू-माफियाओं और अवैध खनन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जमीन विवाद और पैमाइश से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर निस्तारण कराने को कहा, ताकि छोटे विवाद गंभीर घटनाओं का रूप न लें। इसके लिए बीट सिपाहियों और लेखपालों को गांवों का नियमित भ्रमण करने के निर्देश दिए गए।
आईजीआरएस की शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि शिकायतें डिफॉल्टर श्रेणी में न आएं। थानों पर पहुंचने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका समय से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त रमेश चंद्र, अपर आयुक्त राजकुमार द्विवेदी, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या राम नरायन यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मीरजापुर के मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह, सोनभद्र और भदोही के मुख्य विकास अधिकारियों सहित पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारी जुड़े रहे।


