लखनऊ। पुलिस आयुक्तालय लखनऊ के दक्षिणी जोन में संचालित ऑपरेशन किरण के तहत थाना बिजनौर पुलिस ने पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप करते हुए दो परिवारों के बीच सफलतापूर्वक सुलह-समझौता कराया। पुलिस की काउंसलिंग और सकारात्मक संवाद के माध्यम से दोनों परिवारों को टूटने से बचाते हुए पति-पत्नी को पुनः साथ रहने के लिए सहमत कराया गया।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन किरण के अंतर्गत थाना बिजनौर पुलिस को दो अलग-अलग पारिवारिक विवादों की जानकारी मिली थी। पहले मामले में थाना क्षेत्र के एक दंपति के बीच करीब 15 दिनों से विवाद चल रहा था। आरोप था कि पति शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था, जिसके कारण परिवार में लगातार तनाव बना हुआ था।दूसरे मामले में भी थाना क्षेत्र के एक दंपति के बीच लगभग एक माह से विवाद चल रहा था।
पत्नी ने आरोप लगाया था कि पति और ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ गाली-गलौज करते हैं, जिससे पारिवारिक संबंध लगातार बिगड़ रहे थे।दोनों मामलों में थाना बिजनौर पुलिस ने पति-पत्नी और उनके परिजनों को थाने बुलाकर अलग-अलग एवं संयुक्त रूप से विस्तृत काउंसलिंग की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात धैर्यपूर्वक सुनी, उनकी समस्याओं को समझा और आपसी संवाद स्थापित कर मतभेद दूर करने का प्रयास किया।
सकारात्मक परामर्श और समझाइश के बाद दोनों परिवारों ने पुराने विवादों को भुलाकर आपसी प्रेम, विश्वास और सम्मान के साथ पुनः एक साथ रहने पर सहमति व्यक्त की।
पुलिस ने सुलह-समझौते के बाद दोनों परिवारों को शांतिपूर्ण वातावरण में नया जीवन शुरू करने की शुभकामनाओं के साथ उनके घर रवाना किया। इस दौरान दोनों पक्षों को भविष्य में किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में संवाद बनाए रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने की सलाह भी दी गई।
पुलिस आयुक्तालय लखनऊ द्वारा संचालित ऑपरेशन किरण का उद्देश्य पारिवारिक विवादों, घरेलू कलह और सामाजिक तनाव के मामलों में संवेदनशील हस्तक्षेप कर परिवारों को टूटने से बचाना तथा संवाद और परामर्श के माध्यम से सौहार्दपूर्ण समाधान उपलब्ध कराना है। बिजनौर पुलिस की इस पहल को इसी अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।


