केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 290 किलोग्राम महुआ लहन नष्ट किया तथा छह लीटर कच्ची शराब बरामद की।
जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 मेंहदावल बसंत प्रसाद एवं उनकी टीम ने ग्राम भिड़ौरा पिकौरा, ग्राम सोनबरसा तथा आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब बनाने के लिए तैयार करीब 290 किलोग्राम महुआ लहन मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
टीम ने छह लीटर कच्ची शराब भी बरामद की। मामले में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।