बस्ती। जनपद के कलवारी थाना क्षेत्र के बेलवाडांड निवासी दिलीप कुमार ने जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) संजय सिंह पर फोन न उठाने और कार्यालय में उपलब्ध न रहने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से मेल करके शिकायत की है। शिकायत में उन्होंने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई तथा कार्यालय में जनसुनवाई और समयबद्ध कार्य निस्तारण सुनिश्चित करने की मांग की है।


दिलीप कुमार का कहना है कि वह अपनी बहन के प्रवेश (एडमिशन) से संबंधित जानकारी और समस्या के समाधान के लिए कई दिनों से DIOS से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सफलता नहीं मिली। उनके अनुसार, 22 जुलाई को वह अपने साथी अब्दुल रहीम के साथ DIOS कार्यालय पहुंचे, जहां काफी देर इंतजार करने के बावजूद उनकी अधिकारी से मुलाकात नहीं हो सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय कार्यालय में भी कोई जिम्मेदार अधिकारी उपलब्ध नहीं था, जिससे उनका कार्य नहीं हो पाया।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि उन्होंने DIOS के मोबाइल नंबर पर कई बार कॉल किए, लेकिन किसी भी कॉल का उत्तर नहीं मिला और न ही बाद में कॉल बैक किया गया। उनका कहना है कि अधिकारी की अनुपलब्धता के कारण आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में जब जिलाधिकारी कार्यालय से संपर्क किया गया, तो जिलाधिकारी के सहायक ने पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वह इस विषय पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दे सकते। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि DIOS के संबंध में फोन न उठाने की इस प्रकार की शिकायत पहली बार प्राप्त हुई है और सामान्यतः वह फोन रिसीव करते हैं।
फिलहाल, शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। मामले में DIOS का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।