- सांसद सनातन पांडे बोले— राम मंदिर चढ़ावा मामले में जनता के साथ हुआ छल
- पूर्व मंत्री रामजी शुक्ला ने कहा— छात्रों के आंदोलन के आगे झुकने को मजबूर हुई सरकार
- ब्राह्मण समाज ने 2027 में सपा की पूर्ण बहुमत सरकार बनाने का लिया संकल्प
औरैया। शहर के नेशनल हाईवे स्थित एक गेस्ट हाउस में रविवार को ब्राह्मण समाज का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में बलिया से समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडे पहुंचे, जहां उनका ब्राह्मण समाज एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का संकल्प लिया गया।
मुख्य अतिथि सांसद सनातन पांडे ने कहा कि ब्राह्मण समाज ऐसा समाज है, जो सभी वर्गों और धर्मों को साथ लेकर चलने की क्षमता रखता है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राम मंदिर के नाम पर लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया तथा चढ़ावे और चंदे के मामले में जनता के साथ छल हुआ। उन्होंने दावा किया कि इसी कारण भाजपा की राजनीतिक स्थिति कमजोर हुई है।
पूर्व मंत्री रामजी शुक्ला ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन ने पहली बार भाजपा सरकार को झुकने पर मजबूर किया। उनका कहना था कि उत्तर प्रदेश हमेशा देश की राजनीति को नई दिशा देता रहा है और आने वाले समय में प्रदेश ही नहीं, देश की राजनीति में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी लालजी शुक्ला ने बताया कि समाजवादी विचारक जनेश्वर मिश्र की आगामी पुण्यतिथि पर देशव्यापी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर व्यापक मंथन होगा। उन्होंने कहा कि औरैया व कानपुर देहात से बड़ी संख्या में लोग लखनऊ पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेंगे।
सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि ब्राह्मण समाज का सहयोग समाजवादी पार्टी को पहले भी मिलता रहा है और इस बार पहले से अधिक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता समाज के सभी वर्गों के साथ मिलकर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कार्यक्रम का संचालन कवि अजय शुक्ला ‘अंजाम’ ने किया। इस अवसर पर आचार्य सुशील शुक्ला, प्रमोद दुबे, आनंद तिवारी, बिधूना विधायक रेखा वर्मा, दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुमन दिवाकर, महेंद्र त्रिपाठी, केशवम अवस्थी, आशीष चौबे, पूर्व डीबीए अध्यक्ष सुनील दुबे, श्याम किशोर त्रिपाठी, शिक्षक नेता जगदीश नारायण त्रिपाठी, रविशंकर शुक्ला, राजमणि तिवारी ‘लल्ला’, कमलेश तिवारी, अंजलि अवस्थी, कमलेश यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं ब्राह्मण समाज के लोग उपस्थित रहे।
औरैया की राजनीति में अहम रहा है रामजी शुक्ला का योगदान
पूर्व मंत्री रामजी शुक्ला औरैया की राजनीति का प्रमुख चेहरा रहे हैं। जब औरैया सदर विधानसभा सीट अनारक्षित थी, तब वह विधायक निर्वाचित हुए थे। इससे पहले उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव जीता था और अध्यक्ष रहते हुए ही विधायक बने। बसपा सरकार में उन्हें दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री का दायित्व भी मिला।
उनकी पत्नी नरेंद्र कौर भी नगर पालिका अध्यक्ष रह चुकी हैं। वहीं अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित सीट पर उन्होंने गायत्री देवी को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ाकर विजय दिलाई थी। वर्तमान में रामजी शुक्ला सक्रिय राजनीति में अपने पुत्र एवं सिकंदरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी लालजी शुक्ला को आगे बढ़ा रहे हैं। इसी ब्राह्मण सम्मेलन का आयोजन भी लालजी शुक्ला के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोगों ने भागीदारी की।