– अतुल पंडित की म्यूजिकल कॉन्सर्ट में गूंजे बॉलीवुड के तराने, देर तक झूमते रहे लोग
– 90 के दशक के लोकप्रिय गीतों, भजनों और देशभक्ति संगीत का दिखा शानदार संगम, सुरीली आवाज और दमदार अंदाज ने बांधा समां
मथुरा। ब्रजरज उत्सव में बीते शुक्रवार की संगीत संध्या बॉलीवुड के सदाबहार नगमों, भजनों और जोशीले संगीत के नाम रही। धौली प्याऊ रेलवे ग्राउंड के मंच पर गायक अतुल पंडित ने अपनी म्यूजिकल कॉन्सर्ट से ऐसा समां बांधा कि श्रोता देर तक संगीत की लहरियों में खोए रहे। उनकी गायकी में सुरों की मिठास, रॉक संगीत का जोश और मंच पर प्रस्तुति का आकर्षक अंदाज देखने को मिला।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ब्रजरज उत्सव में खरीदारी, खानपान और मनोरंजन को लेकर लोगों का उत्साह चरम पर है। बड़ी संख्या में लोग उत्सव स्थल पहुंच रहे हैं। प्रतिदिन सांस्कृतिक मंच पर गीत-संगीत की महफिल सज रही है। शुक्रवार की शाम अतुल पंडित ने बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों और 90 के दशक के सदाबहार नगमों को खास अंदाज में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत और प्रस्तुतियों में भक्ति संगीत का रंग भी देखने को मिला। उन्होंने सांवरिया तेरे लिए जोगिन भेष बनाया, ‘जय राधा माधव’, ‘तेरा सुंदर रूप सलोना’, ‘बम लहरी’, ‘राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी’, ‘राधे अलबेली सरकार’, ‘श्रीराम जानकी’ और ‘हर हर शंभू’ जैसे भजनों से श्रोताओं को भक्तिरस में सराबोर किया। इसके बाद ‘तुमसे मिलके प्यार दिल का’, ‘दिल पे जख्म खाते हैं’, ‘तेरी दीवानी’, ‘दिलरुबा’ और ‘पिया रे पिया रे’ जैसे गीतों से माहौल को संगीतमय बना दिया।
वहीं, देशभक्ति गीत ‘दिल दिया है जान भी देंगे’ और ‘सुनो गौर से दुनिया वालों’ की प्रस्तुति पर भी दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं।
इससे पूर्व धौली प्याऊ रेलवे मैदान पर शालिनी शर्मा ने लोक संगीत गायन, सुशील कुमार ने साथी कलाकारों के साथ भजन, लोकगीत गायन और कन्हैया लाल चतुर्वेदी हवेली संगीत की प्रस्तुति दी।
इस दौरान उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के एसीईओ राजीव पाण्डेय, डिप्टी सीईओ सतीश चंद्र, सहायक अभियंता जेके जैन, चंद्रिका राय, चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार, अनूप शर्मा आदि मौजूद रहे।
शनिवार की प्रस्तुतियाँ
– दोपहर 2.30 बजे हकीम सिंह लोकगीत गायन
– दोपहर 3.30 बजे एकता जैन लोकगायन/नृत्य
– शाम 4.30 बजे कीर्तिदेव बल्लभ पाठक भजन
– 5.30 बजे स्पार्क ग्रुप, नाटक
– 7.00 बजे पद्मश्री राम दयाल की नौटंकी


