‘खादी फॉर नेशन, खादी फॉर फैशन’ थीम पर होगा फैशन शो, दो घंटे तक रैंप पर दिखेगा स्वदेशी परिधानों का आकर्षण
मथुरा। ब्रजरज उत्सव-2026 के तहत रविवार को स्वदेशी खादी वस्त्रों के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से खादी फैशन शो का आयोजन किया जाएगा। ‘खादी फॉर नेशन, खादी फॉर फैशन’ थीम पर आयोजित यह कार्यक्रम एक नवंबर को दोपहर 3:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक रेलवे ग्राउंड, धौली प्याऊ में होगा।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अनिल अग्रवाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से आयोजित ब्रजरज उत्सव के अंतर्गत उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड इस फैशन शो का आयोजन कर रहा है। इसका उद्देश्य खादी उत्पादों और वस्त्रों को लोकप्रिय बनाना तथा लोगों को स्वदेशी परिधानों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने बताया कि फैशन शो के माध्यम से खादी वस्त्रों की विविधता और आधुनिक स्वरूप को प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी सहित आमजन में खादी के प्रति आकर्षण बढ़े और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा मिले।
कार्यक्रम का शुभारंभ सांसदों, विधायकों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी एन और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता द्वारा किया जाना प्रस्तावित है।


