•पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण, भव्य उत्सव भोज और गायन प्रस्तुति का होगा आयोजन
रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज राप्ती नदी के पावन तट पर स्थित भगवान श्री परशुराम जी के मंदिर में आगामी 2 नवंबर को प्राण-प्रतिष्ठा एवं भव्य उत्सव भोज कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों के क्रम में डुमरियागंज के पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भगवान श्री परशुराम जी के इस भव्य मंदिर के निर्माण एवं इसे दिव्य स्वरूप प्रदान करने में डुमरियागंज की जनता ने जिस श्रद्धा, समर्पण और सहयोग के साथ योगदान दिया है, उसके लिए वह हृदय की गहराइयों से सभी के आभारी हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के सहयोग और आस्था से यह धार्मिक आयोजन भव्य स्वरूप ले रहा है। प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को यादगार बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में भव्य उत्सव भोज के साथ धर्मेंद्र पंडित द्वारा गायन प्रस्तुति भी दी जाएगी, जो आयोजन को और आकर्षक बनाएगी।
पूर्व विधायक ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं, माताओं एवं बहनों से कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह धार्मिक एवं ऐतिहासिक आयोजन सभी के लिए आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से सादर आग्रह करते हुए कहा कि आइए, हम सभी मिलकर भगवान श्री परशुराम जी के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के साक्षी बनें और इस पावन अवसर को भव्य एवं यादगार बनाएं।


