स्कूलों में सड़क सुरक्षा जागरूकता प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित, बीएसए ने जारी किए निर्देश।

Vijaydoot News
  • प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में भाषण, जिंगल, कविता व चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी
  • ब्लॉक स्तर तक प्रतियोगिताएं कराकर अनुपालन रिपोर्ट भेजने के निर्देश

मथुरा। जनपद के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं गैर सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

जारी निर्देशों के अनुसार शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश के आदेश के अनुपालन में विद्यालय एवं ब्लॉक स्तर पर भाषण, जिंगल, कविता तथा चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता विकसित करना और सुरक्षित यातायात के प्रति सकारात्मक सोच पैदा करना है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं गैर सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए निर्देशित करें। साथ ही आयोजन पूर्ण होने के बाद उसकी अनुपालन आख्या भी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

बीएसए ने संबंधित अधिकारियों से निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान से जुड़ सकें।