गोला बाजार में नगर पालिका की नई पहल: अब राहगीरों और व्यापारियों को मिलेगा स्वच्छ पेयजल।

Vijaydoot News

संत कबीर नगर। भीषण उमस और गर्मी के बीच आमजनता को राहत देने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद खलीलाबाद ने एक सराहनीय पहल की है। नगर पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल ने गोला बाजार में नगर पालिका की ओर से लगाए गए सरकारी इंडियन मार्क-II हैंडपंप का शुभारंभ किया।

इस दौरान उन्होंने स्वयं राहगीरों, दुकानदारों और बाजार में खरीदारी करने आए लोगों को स्वच्छ पेयजल पिलाया तथा उनका मुंह मीठा कराकर इस जनहितकारी पहल की शुरुआत की गया,
गोला बाजार नगर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी, ग्राहक और दूर-दराज से आने वाले लोग पहुंचते हैं। अब तक यहां स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। प्यास लगने पर लोगों को इधर-उधर पानी की तलाश करनी पड़ती थी।

नगर पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार के स्वच्छ पेयजल अभियान के तहत लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से गोला बाजार में हैंडपंप स्थापित कराया गया है, ताकि बाजार में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बिना किसी परेशानी के शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके।

उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। भविष्य में भी नगर के अन्य प्रमुख स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार पेयजल सहित जनसुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे आम जनता को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।

इस पहल से स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और राहगीरों में खुशी का माहौल देखने को मिला। लोगों ने नगर पालिका अध्यक्ष के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में स्वच्छ पेयजल की यह व्यवस्था बेहद उपयोगी और जनहितकारी साबित होगी। नागरिकों ने उम्मीद जताई कि नगर पालिका आगे भी इसी तरह जनसुविधाओं को प्राथमिकता देकर विकास कार्यों को गति देती रहेगी।