•पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाए: मनोज श्रीवास्तव।
रिपोर्ट: सौरभ पाठक।
अलीगढ़। मंगलायतन विश्वविद्यालय में मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई-1 के तत्वावधान में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित वातावरण को बढ़ावा देना तथा प्रकृति के प्रति लोगों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम में सीबीएसई बोर्ड के निदेशक (ट्रेनिंग) मनोज श्रीवास्तव, विश्वविद्यालय के कुलसचिव कमांडर मनोज के. (सेवानिवृत्त), उप निदेशक प्रशासन गोपाल राजपूत, प्रो. दिनेश पांडेय तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीषा उपाध्याय ने स्वयंसेवकों के साथ पौधरोपण किया।
इस अवसर पर सीबीएसई बोर्ड के निदेशक (ट्रेनिंग) मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के रूप में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव कमांडर मनोज के. (सेवानिवृत्त) ने कहा कि पौधरोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित भविष्य सुनिश्चित करने का संकल्प भी है।
कार्यक्रम का आयोजन एनएसएस समन्वयक डॉ. पूनम रानी के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान डॉ. दिवाकर राघव, योगेश कौशिक, मयंक जैन, ताराचंद उपाध्याय सहित अन्य शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।