वृक्षारोपण कार्य पर जाते समय सड़क हादसे में रोजगार सेवक की मौत।

Vijaydoot News

अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से हुए थे घायल, यूनियन ने आश्रितों को आर्थिक सहायता व ईपीएफ लाभ दिलाने की उठाई मांग।

मथुरा। विकास खंड मथुरा की ग्राम पंचायत खामनी में तैनात ग्राम रोजगार सेवक बृज बिहारी शर्मा की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से परिजनों एवं ग्रामीणों में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, थाना हाईवे क्षेत्र के ग्राम खामनी निवासी 32 वर्षीय बृज बिहारी शर्मा पुत्र स्वर्गीय रूपकिशोर ग्राम पंचायत खामनी में ग्राम रोजगार सेवक के पद पर कार्यरत थे। रविवार सुबह वह वीबीजी रामजी योजना के अंतर्गत प्रस्तावित वृक्षारोपण कार्य के लिए बीज गोदाम के पास स्थल का निरीक्षण करने जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

घटना के बाद ग्राम रोजगार सेवक यूनियन के जिलाध्यक्ष ठाकुर हरिओम ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के स्तर से रोजगार सेवकों के ईपीएफ संबंधी मामलों में कई बार निर्देश जारी किए गए हैं, लेकिन मथुरा जनपद में अब तक आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने मांग की कि दिवंगत रोजगार सेवक के आश्रितों को शीघ्र ईपीएफ का लाभ, आर्थिक सहायता तथा अन्य अनुमन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।