रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि
मीरजापुर। जिले के जमालपुर ब्लॉक स्थित चौकियां संघ के पीसीयू (PCU) गेहूं खरीद केंद्र पर सरकारी गेहूं के रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। खरीद केंद्र बंद हुए एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक हजारों कुंटल गेहूं का उठान नहीं हो सका है।
बताया जा रहा है कि गेहूं जर्जर भवन, टपकती छत, खुले मैदान और फटी हुई तिरपाल के नीचे रखा हुआ है। लगातार हो रही बारिश के कारण अनाज भीगने का खतरा बना हुआ है, वहीं चूहों और आवारा पशुओं से भी इसकी सुरक्षा नहीं हो पा रही है। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस लापरवाही के चलते सैकड़ों कुंटल गेहूं खराब हो चुका है, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
मामले को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी भी सवालों के घेरे में है। लोगों का कहना है कि सरकारी खरीद के बाद यदि अनाज का सुरक्षित भंडारण नहीं हो पा रहा है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी तय होगी। साथ ही यह भी सवाल उठ रहे हैं कि यदि गेहूं खराब हुआ है तो उसकी भरपाई कौन करेगा या फिर मामला सरकारी फाइलों तक ही सीमित रह जाएगा।
स्थानीय नागरिकों ने मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।