गुरु पूर्णिमा पर शत्तेसगढ़ आश्रम में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किए स्वामी अड़गड़ानंद महाराज के दर्शन।

Vijaydoot News

मीरजापुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मीरजापुर जनपद के शत्तेसगढ़ स्थित परमहंस स्वामी अड़गड़ानंद महाराज के आश्रम में आस्था का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने आश्रम पहुंचकर स्वामी अड़गड़ानंद महाराज के दर्शन किए, आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रसाद ग्रहण कर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।

आश्रम में श्रद्धालुओं का आगमन 27 जुलाई से ही शुरू हो गया था। 28 जुलाई की शाम तक बड़ी संख्या में भक्त पहुंच चुके थे और 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। शाम तक लाखों श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके थे, जबकि श्रद्धालुओं के आने-जाने का सिलसिला लगातार जारी रहा।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। आश्रम परिसर एवं मार्गों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी तथा लगभग प्रत्येक 200 मीटर की दूरी पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को निर्धारित मार्ग से दर्शन कराते हुए सुरक्षित निकासी की व्यवस्था भी संभालते रहे।

मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी ने भी पूर्व में आश्रम का निरीक्षण किया था और संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए थे। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर चुनार के उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, चुनार, पड़री, अहरौरा, अदलहाट एवं शत्तेसगढ़ सहित विभिन्न थानों की पुलिस तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे।

गुरु पूर्णिमा का यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक मेले का स्वरूप भी ले लेता है। मेले में प्रसाद, पूजन सामग्री, नारियल, मालाएं, धार्मिक पुस्तकें, खिलौने, मिठाइयां, घरेलू सामान और खानपान की अनेक दुकानें सजती हैं, जिससे स्थानीय व्यापारियों और छोटे दुकानदारों को भी रोजगार का अवसर मिलता है।

श्रद्धालुओं का मानना है कि परमहंस स्वामी अड़गड़ानंद महाराज के प्रति उनकी आस्था पीढ़ियों से चली आ रही है। भक्त अपनी मनोकामनाएं लेकर आश्रम पहुंचते हैं और पूर्ण होने पर पुनः बाबा के दर्शन एवं आशीर्वाद के लिए उपस्थित होते हैं। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आश्रम में देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही।