रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। कांवड़ यात्रा की ड्यूटी में तैनात किए जाने वाले पुलिसकर्मियों के संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गए बयान का ब्रज क्षेत्र के साधु-संतों ने स्वागत किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि कांवड़ यात्रा में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मी आध्यात्मिक प्रवृत्ति के, नशामुक्त तथा शाकाहारी होने चाहिए।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर प्रकरण के याचिकाकर्ता संत दिनेश फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री के इस वक्तव्य का समर्थन करते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ सनातन धर्म की परंपराओं और श्रद्धालुओं की भावनाओं को भलीभांति समझते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों में श्रद्धा, अनुशासन और आध्यात्मिक वातावरण बनाए रखना आवश्यक है तथा मुख्यमंत्री का यह दृष्टिकोण उसी भावना को दर्शाता है।
महंत वशिष्ठ तिवारी सहित अन्य साधु-संतों ने भी मुख्यमंत्री के बयान का स्वागत करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की आस्था और सनातन परंपराओं का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने इसे धार्मिक वातावरण को बनाए रखने की दिशा में सकारात्मक पहल बताया।