रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 की तैयारियों को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक सुवेंद्र कुमार भगत, मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, पुलिस उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने गोवर्धन परिक्रमा मार्ग का पैदल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों, दर्शनार्थियों एवं परिक्रमार्थियों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, भंडारों, शौचालयों, बैरियर, बैरिकेडिंग, पार्किंग, वॉच टावर एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक इंतजामों की समीक्षा की।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संचालित की जाएं। उन्होंने सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
पुलिस एवं जिला प्रशासन ने कहा कि मुड़िया पूर्णिमा मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमरेश कुमार, उप जिलाधिकारी गोवर्धन सुशील कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।