रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण के याचिकाकर्ता एवं संत दिनेश फलाहारी महाराज ने आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की मांग को लेकर एक राजनीतिक दल के प्रमुख अभिजीत दीपके को रक्त से पत्र लिखकर अपना पक्ष रखा है। पत्र में उन्होंने वर्तमान आरक्षण व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग की है।

फलाहारी महाराज ने पत्र में कहा है कि वर्तमान आरक्षण व्यवस्था के कारण कई मेधावी युवाओं को अपेक्षाकृत अधिक अंक प्राप्त करने के बावजूद रोजगार के अवसर नहीं मिल पाते, जबकि कम अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों का चयन हो जाता है। उन्होंने इसे शिक्षित युवाओं के लिए चिंता का विषय बताया है।
पत्र में उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर सभी वर्गों के युवाओं को समान अवसर देने की वकालत करते हुए कहा कि आरक्षण का आधार आर्थिक स्थिति होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित राजनीतिक दल से इस विषय पर पहल करने और सभी वर्गों के युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए नीति पर विचार करने का आग्रह किया है।
फलाहारी महाराज के इस पत्र के बाद आरक्षण व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बहस तेज होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में पत्र प्राप्त करने वाले राजनीतिक दल की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।