बस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा अब तक किए गए कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। मार्गों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत, बैरिकेडिंग, संकेतक बोर्ड सहित अन्य आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे कराए जाएं।
उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर दुर्घटना संभावित स्थानों (ब्लैक स्पॉट) को चिन्हित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पुलिस एवं संबंधित विभागों द्वारा प्रभावी कार्ययोजना के अनुसार कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित सभी ढाबों, होटल एवं भोजनालयों पर खाद्य पदार्थों की रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से चस्पा कराई जाए। सभी दुकानदार निर्धारित दरों पर ही खाद्य सामग्री की बिक्री करें तथा गुणवत्ता एवं स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि ढाबों एवं अन्य प्रतिष्ठानों के बाहर किसी भी प्रकार के अनाधिकृत वाहन खड़े न होने दिए जाएं, जिससे यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाए जाएं तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव,परियोजना निदेशक आनन्द कुमार गुप्ता, डीएफओ डॉ शिरीन सिद्दीकी,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजीव निगम, एआरटीओ धर्मेन्द्र कुमार,अधिशाषी अधिकारी लोक निर्माण विभाग संजीव कुमार, एसडीएम राजेश यादव,बीएसए अनुप तिवारी, यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी आबकारी अधिकारी राजेश कुमार, विद्युत विभाग के अधिकारी, एनएचआई के प्रतिनिधि, सदस्य सड़क सुरक्षा समिति के प्रमोद ओझा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित है।