सिसवा में अकीदत के साथ मनाई गई ईद-उल-अज़हा, मुल्क में अमन-चैन के लिए उठे हाथ।

Spread the love

महाराजगंज। सिसवा नगर पालिका क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में गुरुवार को त्याग, समर्पण और भाईचारे का पर्व ईद-उल-अज़हा (बकरीद) पूरे धार्मिक उत्साह और अकीदत के साथ मनाया गया। सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने बारगाह-ए-इलाही में मुल्क की खुशहाली, तरक्की, अमन-चैन और आपसी भाईचारे के लिए दुआएं मांगीं।

नगर क्षेत्र की मस्जिदिया टोला स्थित जामा मस्जिद ईदगाह, मदरसा अरबिया अतौररसूल, मीर शिकारी टोला स्थित मदरसा अरबिया इशातुल उलूम मस्जिद, बीजापार मस्जिद तथा जैनी छपरा की छोटी मस्जिद ईदगाह समेत विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में तय समय पर शांतिपूर्ण ढंग से नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर “ईद मुबारक” कहा और त्योहार की खुशियां साझा कीं।

बच्चों में बकरीद को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर त्योहार का आनंद लिया। ईदगाहों के बाहर लगे मेलों में बच्चों और युवाओं ने जमकर खरीदारी और मनोरंजन का लुत्फ उठाया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने विभिन्न मस्जिदों का दौरा कर मुस्लिम समुदाय के लोगों को बकरीद की शुभकामनाएं दीं तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

इस दौरान शिबू बनारसी, हासिम अंसारी, शिबू खान, रज़ाउल अंसारी, हाजी उमर साहब, मोहम्मद रईस अहमद, मुख्तार खान, सरवरे आलम, एकलाख अहमद, AIMIM के मीडिया प्रभारी रेहान खान, विधानसभा अध्यक्ष इम्तियाज अहमद मंसूरी, नियाज़ अहमद एवं शाह अल्तमश सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। क्षेत्राधिकारी निचलौल अनिरुद्ध कुमार, थानाध्यक्ष कोठीभार अखिलेश वर्मा तथा सिसवा चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य भारी पुलिस बल के साथ सभी प्रमुख ईदगाहों एवं संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था संभाले रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *