‘भारत माता की जय’ पर बयानबाजी तेज, संत समाज ने मौलाना के वक्तव्य पर जताई आपत्ति।

Vijaydoot News

मथुरा। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ को लेकर दिए गए एक बयान के बाद धार्मिक और सामाजिक स्तर पर प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है। बताया गया है कि जमीयत उलेमा-ए-हिंद की मुंबई इकाई के अध्यक्ष मौलाना सिराज खान ने एक प्रस्तावित विधेयक का विरोध करते हुए कहा कि वह इस मुद्दे पर सर्वोच्च न्यायालय का रुख करेंगे।

मौलाना के इस बयान पर ब्रज क्षेत्र के संत समाज ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण के याचिकाकर्ता संत दिनेश फलाहारी महाराज ने कहा कि भारत में रहने वाले प्रत्येक नागरिक को देश का सम्मान करना चाहिए और “भारत माता की जय” तथा “वंदे मातरम्” जैसे राष्ट्रभाव से जुड़े उद्घोषों का सम्मान करना चाहिए।

वहीं साध्वी डॉ. कृष्ण प्रिया ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिस देश में व्यक्ति रहता है, उसके प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति का भाव होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को अपने धार्मिक विश्वासों के साथ-साथ अपने देश के प्रति भी सम्मान का भाव रखना चाहिए।

इस मुद्दे पर अन्य संतों ने भी अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं व्यक्त करते हुए राष्ट्र के सम्मान और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।