राहुल गांधी का पुतला दहन मामले में कांग्रेस का प्रदर्शन, एफआईआर और गिरफ्तारी की मांग।

Vijaydoot News

“कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन और चक्का जाम करेंगे” : कांग्रेस नेता

मीरजापुर।
जिला कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन कर भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं इंडिया गठबंधन के नेताओं का पुतला दहन करने के मामले में कार्रवाई की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए संबंधित लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।

धरने की अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. शिवकुमार सिंह पटेल ने कहा कि 28 जुलाई को संकट मोचन चौराहे पर राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के नेताओं का पुतला दहन किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि यदि आरोपितों के विरुद्ध शीघ्र मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

अनुसूचित जाति कांग्रेस के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर एवं पूर्व विधायक भागवत प्रसाद चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी छात्रों और युवाओं के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं, जिससे भाजपा घबराई हुई है।

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भगवान दत्त पाठक (राजन पाठक) ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस कार्यकर्ता चक्का जाम आंदोलन करेंगे। जिला पंचायत सदस्य शिवशंकर चौबे ने भी पुतला दहन करने वालों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

कार्यक्रम का संचालन उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं प्रवक्ता मिन्हाज अहमद ‘छोटे खान’ ने किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जनता, छात्रों और युवाओं के मुद्दों को सड़क से संसद तक उठा रहे हैं और कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगा। धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।