बस्ती। विकास भवन सभागार में उत्तर प्रदेश मत्स्यजीवी सहकारी संघ लि, लखनऊ के मा० सभापति वीरू साहनी की अध्यक्षता में मत्स्यजीवी सहकारी समितियों के सचिवों, अध्यक्षों एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य मत्स्यजीवी समुदाय के कल्याण, सहकारी समितियों को सुदृढ़ बनाना तथा मत्स्य पालन को अधिक लाभकारी एवं रोजगारपरक बनाने के लिए संवाद स्थापित करना था।
बैठक में मत्स्य पालन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। समिति के सचिवों एवं अध्यक्षों से आह्वान किया गया कि वे पात्र मत्स्य पालकों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुँचाने, सहकारी समितियों को सक्रिय बनाने तथा मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रभावी भूमिका निभाएँ।
इस अवसर पर लाभार्थियों ने अपनी समस्याओं एवं सुझावों को रखा। मा० सभापति श्री वीरू साहनी ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार मत्स्यजीवी समुदाय के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है और सहकारी समितियों को इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।
बैठक में आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों, गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज, जलाशयों के वैज्ञानिक प्रबंधन तथा स्वरोजगार के अवसरों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सभी प्रतिभागियों से विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने तथा मत्स्य उत्पादन बढ़ाकर प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया गया।
बैठक में तहसीलदार सदर विनय प्रभाकर, उप निदेशक मत्स्य आर.के.श्रीवास्तव, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, मत्स्य निरीक्षक बेंकटेश्रर त्रिपाठी, हनीफ अहमद, सहकारी समितियों के सचिव एवं अध्यक्ष, मत्स्य पालक तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।