संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती पर कलश यात्रा का मथुरा में भव्य स्वागत।

Vijaydoot News

जिले की 3 विधानसभाओं के 18 मंडलों में भ्रमण करेगी कलश यात्रा

मथुरा : शिरोमणि श्री गुरु संत रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर बनारस से प्रारंभ की गई कलश यात्रा बुधवार को मथुरा जनपद पहुंची। यहां कलश का पुष्प वर्षा, ढोल-नगाड़ों और “जय गुरु रविदास” के जयकारों के साथ भव्य स्वागत-सत्कार किया गया।

जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने बताया कि यह कलश यात्रा मथुरा जिले की तीनों विधानसभाओं के प्रत्येक मंडल में निकाली जाएगी। जिले के कुल 18 मंडलों में यात्रा का भ्रमण कराया जाएगा। यात्रा के दौरान सभी प्रमुख धार्मिक, सामाजिक और सार्वजनिक स्थानों पर कलश का सम्मान होगा और संत रविदास जी के जीवन दर्शन पर आधारित सत्संग व भजन-कीर्तन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम की जिला संयोजक आकाश चौधरी ने कहा कि संत रविदास जी ने अपना सम्पूर्ण जीवन सनातन धर्म की सेवा और आम जनमानस के उत्थान के लिए समर्पित किया। उन्होंने “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का संदेश देकर समाज में समानता और भाईचारे की अलख जगाई। इस कलश यात्रा के माध्यम से जिले के घर-घर तक संत रविदास जी के विचार पहुंचाए जाएंगे।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे ने कहा कि
“संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने समाज में व्याप्त भेदभाव को मिटाकर समानता, समरसता और मानवता का संदेश दिया। उनकी 650वीं जयंती के अवसर पर बनारस से प्रारंभ हुई यह कलश यात्रा मथुरा की पावन धरा पर पहुंची है, यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है। भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य है कि संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। पार्टी के कार्यकर्ता इस यात्रा को जिले के सभी 18 मंडलों में सफलतापूर्वक पहुंचाने का कार्य करेंगे। संत रविदास जी ने कहा था – ‘ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न’। उनके इस स्वप्न को साकार करने के लिए केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार निरंतर गरीब, दलित, शोषित और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए काम कर रही है।”

कार्यक्रम में जिला मंत्री सुरेश जी, अजय जी, ओल मंडल के यशस्वी अध्यक्ष मनीष ओझा जी सहित सभी मंडलों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने कलश पूजन कर संत रविदास जी को नमन किया।

जिला संयोजक ने बताया कि कलश यात्रा क्रमवार सभी 18 मंडलों में जाएगी, जिससे संत रविदास जी की 650वीं जयंती को जन-जन तक पहुंचाकर एक जन-जागरण अभियान के रूप में मनाया जा सके।