रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के नाम पर ठगी और भ्रष्टाचार की शिकायतें बढ़ने के बाद बीएसए कार्यालय ने सख्त चेतावनी जारी की है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी रत्ना कीर्ति ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व कार्यालय का नाम लेकर शिक्षकों और कर्मचारियों से काम कराने के नाम पर पैसे मांग रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीएसए कार्यालय में कोई भी कार्य नियमों के अनुसार किया जाता है। इसके लिए किसी भी व्यक्ति को पैसे देने की आवश्यकता नहीं है।
हेल्पलाइन नंबर जारी
बीएसए ने अपील की कि यदि कोई व्यक्ति नौकरी, तबादला, नियुक्ति या अन्य कार्य के नाम पर पैसे मांगे तो तुरंत इसकी सूचना बीएसए कार्यालय के अधिकृत हेल्पलाइन नंबर 0565-2970031 पर दें।
उन्होंने कहा कि शिकायत प्राप्त होते ही मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बीएसए ने सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपने कार्य के लिए केवल संबंधित पटल से ही संपर्क करें और अनावश्यक रूप से कार्यालय न आएं।
कार्यालय ने चेतावनी दी कि कार्यालय के काम में बाधा डालने या ठगी में लिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।