— शैलेंद्र कुमार, हरिद्वार (उत्तराखंड)
हरिद्वार। हरकी पौड़ी क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब होटल गंगा बेसिन के सामने सड़क के बीचों-बीच एक विशाल पीपल का वृक्ष अचानक धराशायी हो गया। पेड़ गिरने के समय वहां मौजूद दो वृद्ध महिलाएं इसकी चपेट में आ गईं, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर राहत एवं बचाव दल पहुंचा और दोनों महिलाओं को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया गया।
पेड़ गिरने के कारण हरकी पौड़ी मार्ग पर यातायात कई घंटों तक प्रभावित रहा और आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। बाद में प्रशासन एवं संबंधित विभाग की टीमों ने पेड़ को हटाकर मार्ग को सुचारु कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय सड़क पर लोगों की आवाजाही बनी हुई थी, लेकिन समय रहते लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।