-सांसद अवधेश प्रसाद के पुतला दहन की घटना को दलित समाज का बताया अपमान।
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहाकि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम जी के मंदिर में चढ़ावे की चोरी होती है, तब संघ, विहिप और भाजपा के लोगों के मुँह से आवाज़ तक नहीं निकलती। जब भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने हनुमान जी महाराज, बजरंगबली को भाजपा का झंडा पकड़ाकर नचाया जाता है, तब आपकी भावना और सम्मान को ठेस नहीं पहुँचती। संघ, विहिप और भाजपा के लोगों को कोई तकलीफ़ नहीं होती। जब राम मंदिर पर सवाल उठाने पर भाजपा प्रवक्ता द्वारा भगवा वस्त्रधारी पुजारी को पीटा जाता है, तब संघ, विहिप और भाजपा का सम्मान नहीं जागता। लेकिन जब दलित बिरादरी के सांसद राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी का मुद्दा उठाते हैं और संघ, विहिप व भाजपा की पोल खोलते हैं, तब भारतीय जनता पार्टी, संघ, विहिप और भाजपा के लोगों को बहुत बुरा लगता है।
शाने अवध सभागार में रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री तेजनाराण पाण्डेय उर्फ पवन पाण्डेय ने कहा कि सांसद पप्पू यादव ने भगवा वस्त्र राम मंदिर के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी के संदर्भ में पहने थे। पप्पू यादव से गलती हुई क्योंकि प्रदर्शन के दौरान भगवान राम का चित्र जमीन पर गिर गया था।
पवन पांडे ने कहा कि इस गलती के लिए उन्होंने अयोध्या की जनता से माफी मांगी और पप्पू यादव को भी माफी मांगनी चाहिए। वहीं शनिवार को रामनगरी अयोध्या में संतों के प्रदर्शन के दौरान फैजाबाद सांसद अवधेश प्रसाद के पोस्टर पर कालिख पोतने और जूते मारने की घटना की उन्होंने कड़ी निंदा की। पवन पांडे ने इसे फैजाबाद-अयोध्या की 18 लाख जनता और देश की 140 करोड़ जनता का अपमान बताया।
उन्होंने कहा कि जिस तरह संघ, विहिप और भाजपा के लोगों द्वारा सांसद अवधेश प्रसाद का पुतला फूंककर तथा उनके चित्र के साथ दुर्व्यवहार कर उन्हें अपमानित किया गया, वह केवल उनका ही नहीं, बल्कि पूरे पीडीए समाज और दलित समाज का अपमान है। पूरी समाजवादी पार्टी इसकी घोर निंदा करती है
उन्होंने कहा कि पूरी भाजपा दलित समाज के सांसद को बर्दास्त नहीं कर पा रही है। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव, महासचिव हामिद जाफर मीसम, उपाध्यक्ष श्रीचंद यादव ,राकेश यादव, राष्ट्रीय महासचिव अधिवक्ता सभा शावेज़ जाफ़री एडवोकेट , जिला उपाध्यक्ष ओरौनी पासवान, सुनील कुमार , संजय चौधरी, वीरेंद्र गौतम, शिव शंकर शिवां , के पी चौधरी , अनस खान आदि लोग मौजूद थे।