मथुरा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मथुरा ने जनपद के सभी परिषदीय, उच्च प्राथमिक एवं गैर सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश जारी किए हैं। इसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षित यातायात के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
बीएसए कार्यालय से जारी निर्देशों के अनुसार, शिक्षा निदेशालय (बेसिक), उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में विद्यालय स्तर पर भाषण, जिंगल/कविता एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जा रहा है। प्रतियोगिताएं पहले विद्यालय स्तर पर आयोजित हो रही हैं, जिसके बाद आवश्यकतानुसार ब्लॉक स्तर पर भी कार्यक्रम संपन्न कराई जा रही हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों एवं खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रतियोगिताओं का समयबद्ध एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं इसमें भाग लेकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक हो सकें।