विद्यार्थियों ने सीखे व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन में सफलता के मंत्र।

Vijaydoot News

अलीगढ़। मंगलायतन विश्वविद्यालय में अडानी सीमेंट फ्यूचरएक्स के तहत विद्यार्थियों के लिए सीईओ इंटरेक्शन विद स्टूडेंट्स कार्यक्रम का आयोजन हुआ। ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उद्योग जगत के नेतृत्व, कार्यस्थल की चुनौतियों, व्यक्तिगत विकास और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को समझा। कार्यक्रम का मुख्य विषय “स्ट्रेंथ एंड ट्रस्ट: ए रोडमैप टू सक्सीड इन प्रोफेशनल एंड पर्सनल लाइफ” रहा।
अडानी सीमेंट के सीईओ विनोद बहेती ने संवाद के दौरान विद्यार्थियों को पेशेवर एवं व्यक्तिगत जीवन में सफलता के लिए मजबूत मूल्यों, विश्वास, नेतृत्व क्षमता, सकारात्मक सोच और निरंतर सीखने के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि अडानी सीमेंट फ्यूचरएक्स का उद्देश्य विद्यार्थियों और उद्योग जगत के बीच मजबूत सेतु स्थापित करना तथा युवाओं को व्यावहारिक दृष्टिकोण, कौशल और भविष्य के लिए आवश्यक सोच विकसित करने के अवसर प्रदान करना है। ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के इंचार्ज डा. लव मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योग जगत की अपेक्षाओं और बदलते पेशेवर परिवेश को समझने का अवसर मिला। उल्लेखनीय है कि मंगलायतन विश्वविद्यालय और अडानी सीमेंट के बीच पूर्व में एमओयू भी किया जा चुका है। जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योग से जुड़ने और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस अवसर पर टेक्निकल सर्विस इंजीनियर दिव्यांशी शर्मा व अवनीश कुमार, टीपीओ डा. विपिन कुमार, राहुल शर्मा का सहयोग रहा।