•तटबंधों की 24 घंटे निगरानी के निर्देश, आपात स्थिति से निपटने को टीम अलर्ट
धामपुर (बिजनौर)। मानसूनी बारिश के बीच संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए अफजलगढ़ सिंचाई खंड धामपुर को अलर्ट मोड पर रखा गया है। अधिशासी अभियंता अरुण सचदेवा ने तकनीकी टीम के साथ उपखंड प्रथम नगीना के अंतर्गत आने वाले अतिसंवेदनशील बाढ़ क्षेत्रों एवं तटबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया।



निरीक्षण के दौरान उन्होंने खो नदी पर स्थित सारंगवाला तटबंध, सुन्दरवाली तटबंध, मार्जिनल बंध समेत अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित सहायक अभियंताओं एवं जूनियर इंजीनियरों को बाढ़ संभावित क्षेत्रों और तटबंधों पर चौबीसों घंटे सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।
अधिशासी अभियंता ने नदी के जलस्तर और तटबंधों की स्थिति की पल-पल की जानकारी उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही किसी भी विषम अथवा आपातकालीन स्थिति से तत्काल निपटने के लिए पर्याप्त सामग्री एवं श्रमबल के साथ पूरी टीम को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जूनियर इंजीनियर देवेन्द्र कुमार शर्मा, चन्द्रकुश चौहान सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।