रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि
मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में जिला आयुष समिति की बैठक आहूत की गई। बैठक में राष्ट्रीय आयुष मिशन, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं परियोजनाओं की जिला स्तरीय समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, कार्यों में हो रही देरी के कारणों तथा उन्हें पूर्ण कर संचालित किए जाने की निर्धारित समय-सीमा के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।
बैठक में 50 बेड के एकीकृत आयुष चिकित्सालय, नवीन आयुष चिकित्सालय भवनों के निर्माण, आयुष चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता एवं उनके प्रदर्शन की स्थिति, आयुष चिकित्सकों की उपस्थिति तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए तथा जिन कार्यों में किसी स्तर पर विलंब हो रहा है, उसके कारणों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने आयुष चिकित्सालयों एवं चिकित्सा इकाइयों में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मरीजों को शासन की मंशा के अनुरूप बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण आयुष चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी चिकित्सालयों में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे, ताकि उपचार के लिए आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयुष विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा की जाए। साथ ही, शासन स्तर से निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने तथा योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डा० जयन्त कुमार, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डा० कौशल्या मरीना, अरूण कुमार, जिला आयुष प्रबन्धक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।