पीआरडी स्वयंसेवकों का दैनिक भत्ता ₹500 से बढ़कर ₹600 हुआ।

Vijaydoot News

सीएम योगी ने गोरखपुर में की घोषणा, कैशलेस चिकित्सा योजना का भी शुभारंभ।

संत कबीर नगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह, गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के पीआरडी स्वयंसेवकों के दैनिक भत्ते में वृद्धि की घोषणा की। अब पीआरडी स्वयंसेवकों को प्रतिदिन 500 रुपये के स्थान पर 600 रुपये दैनिक भत्ता मिलेगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पीआरडी स्वयंसेवकों के लिए मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया तथा लखनऊ में बहुमंजिला पीआरडी बैरक के निर्माण का शिलान्यास भी किया।

कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण संत कबीर नगर के कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया। मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित अधिकारी-कर्मचारियों और पीआरडी स्वयंसेवकों ने मुख्यमंत्री के संबोधन एवं घोषणाओं का लाइव प्रसारण देखा और सुना।

जिलाधिकारी ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

जिलाधिकारी आलोक कुमार ने पीआरडी स्वयंसेवकों का दैनिक भत्ता बढ़ाए जाने तथा उन्हें मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना से आच्छादित किए जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने जनपद के सभी पीआरडी स्वयंसेवकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों और आयोजनों के सुव्यवस्थित संचालन में पीआरडी जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

उन्होंने स्वयंसेवकों से अपनी ड्यूटी का और बेहतर ढंग से निर्वहन करने तथा जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा एवं अनुशासन के साथ निभाने का आह्वान किया।

आराधना द्विवेदी ने किया कार्यक्रम का संचालन

कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी आराधना द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित जनपद के पीआरडी स्वयंसेवक एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।