रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा/नौहझील। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत नौहझील स्थित रामा मैरिज गार्डन में आयोजित बैठक के दौरान हुए विवाद ने अब कानूनी रूप ले लिया है। कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ कथित मारपीट के मामले में नौहझील पुलिस ने पांच नामजद समेत 15 अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। प्रकरण की जांच सीओ अमरनाथ यादव को सौंपी गई है।
बताया गया कि शुक्रवार को विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में पार्टी की पर्यवेक्षक डॉ. अंजलि निंबालकर पदाधिकारियों से जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर फीडबैक ले रही थीं। इसी दौरान कुछ युवक बैठक स्थल पर पहुंच गए। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया और देखते ही देखते मामला हंगामे में बदल गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर, जिला उपाध्यक्ष अप्रतिम सक्सेना, जिला सचिव दीपक दीक्षित तथा पूर्व शहर अध्यक्ष एवं हाथरस कोऑर्डिनेटर विक्रम वाल्मीकि के साथ मारपीट की गई। बैठक स्थल पर कुर्सियां फेंके जाने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में चार कांग्रेस पदाधिकारियों के घायल होने की जानकारी सामने आई, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घटना के संबंध में पूर्व शहर अध्यक्ष एवं हाथरस कोऑर्डिनेटर विक्रम वाल्मीकि ने नौहझील पुलिस को तहरीर दी। इसमें मारपीट करने तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित करने का आरोप लगाया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रामगढ़ी निवासी दिलीप चौधरी, अवाखेड़ा निवासी मनफूल, प्रशांत चौधरी, पुष्पेंद्र जाट और गौरव जाट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार प्रशांत चौधरी, पुष्पेंद्र जाट और गौरव जाट का पता तहरीर में अज्ञात दर्शाया गया है। इसके अलावा 15 अज्ञात युवकों को भी मुकदमे में शामिल किया गया है।
दूसरे पक्ष ने भी दी तहरीर
बैठक के दौरान हुए विवाद को लेकर दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस को तहरीर दी गई है। इसमें कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर समेत अन्य लोगों पर मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है।
फिलहाल मामले की जांच सीओ अमरनाथ यादव को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


