मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में ‘होटल ताज पैलेस’ का किया उद्घाटन।।

Vijaydoot News

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में प्रतिष्ठित ‘होटल ताज पैलेस’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह प्रतिष्ठित संस्थान उत्तर प्रदेश में पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि होटल के संचालन से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से हजारों रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसके साथ ही प्रदेश के पर्यटन इकोसिस्टम को भी मजबूती मिलेगी और लखनऊ की पहचान एक प्रमुख पर्यटन एवं व्यावसायिक गंतव्य के रूप में और मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और सरकार पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ बेहतर आतिथ्य सेवाओं पर भी विशेष जोर दे रही है। ऐसे प्रतिष्ठित संस्थानों की स्थापना से प्रदेश में निवेश, रोजगार और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ताज ग्रुप परिवार को होटल के उद्घाटन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि यह संस्थान प्रदेश के आर्थिक एवं पर्यटन विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देगा।