रिपोर्ट : विजय नागपाल।
अयोध्या/मथुरा। टीवी डिबेट के दौरान अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास महाराज द्वारा कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद को कथित रूप से गाली देने के मामले को लेकर शनिवार को कुंवर सिंह निषाद और उनके समर्थकों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए राजू दास महाराज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान समर्थकों ने राजू दास महाराज के पोस्टर भी जलाए और पोस्टर पर जूते-चप्पल मारकर अपना विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि टीवी डिबेट के दौरान कुंवर सिंह निषाद के साथ कथित अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, जिसे लेकर उनमें आक्रोश है।
कुंवर सिंह निषाद और उनके समर्थकों ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेते हुए राजू दास महाराज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे और राजू दास महाराज के खिलाफ नारेबाजी की।