रिपोर्ट : विजय नागपाल।
गोवर्धन, मथुरा। गोवर्धन तहसील क्षेत्र के गांव मढ़ौरा में दबंगों द्वारा एक परिवार के लोगों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ललिता पत्नी मदन निवासी मढ़ौरा ने थाना गोवर्धन में तहरीर देकर गांव के ही कई लोगों पर एकराय होकर गाली-गलौज और लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी राजेन्द्र, कैलाशा, लौकेशरा, दिनेश, लाहू बहादुर, मिथलेश, गीता, योगेन्द्र, ललिता, कृष्णा, तेजपाल, मेघा, सौभिता, नीकेश और कैलाशी समेत अन्य लोगों ने एकराय होकर उनके परिवार पर हमला कर दिया। मारपीट में चार लोगों को चोटें आईं। किसी के सिर तो किसी के पैर में गंभीर चोट लगने का आरोप है। हमलावरों ने उनकी बाइक भी तोड़ दी।
पीड़ितों का आरोप है कि घटना की तहरीर थाना गोवर्धन में देने के बावजूद पुलिस ने मेडिकल और एक्स-रे के लिए आवश्यक कार्रवाई नहीं की। इससे आहत होकर गुरुवार को चारों घायल न्याय की गुहार लगाने CO कार्यालय गोवर्धन पहुंचे।
CO कार्यालय पहुंचने के बाद अधिक चोट लगने के कारण दो घायल अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल 108 एंबुलेंस बुलाकर चारों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन भिजवाया।
सीएचसी गोवर्धन में चिकित्सक डॉ. नेहा चौधरी ने घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल मथुरा के लिए रेफर कर दिया।
पीड़िता ललिता ने पुलिस से नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने और घायलों को न्याय दिलाने की मांग की है। मामले में पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।