बस्ती। शूटिंग बॉल खेल को बढ़ावा देने और प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में रविवार को महत्वपूर्ण पहल हुई।
जेआरसी पूर्व माध्यमिक विद्यालय हड़ही में आयोजित बैठक में शूटिंग बॉल एसोसिएशन बस्ती की जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया। उत्तर प्रदेश शूटिंग बॉल एसोसिएशन के पर्यवेक्षक एवं संयुक्त सचिव संतोष सिंह की देखरेख में हुई बैठक में पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चयन किया गया।
इसमें रणधीर सिंह को अध्यक्ष, राम सिंह, महंत राम वर्मा एवं सर्वेश मिश्र को उपाध्यक्ष, जयराम चौधरी को जिला सचिव, प्रभाकर ओझा को संयुक्त सचिव तथा अखिलेश सिंह को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं साक्षी सिंह, दिनेश सिंह, अमित पांडेय एवं प्रेम कुमार वर्मा को कार्यकारिणी सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि जिले में शूटिंग बॉल खेल को ग्रामीण एवं विद्यालय स्तर तक पहुंचाने के लिए नियमित प्रशिक्षण शिविर और प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा।
इसके साथ ही विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को तलाशकर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन खिलाड़ियों में अनुशासन, खेल भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ उन्हें प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में बस्ती के खिलाड़ी शूटिंग बॉल में जिले का नाम प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे। इस अवसर पर ओमकार, विपिन वर्मा, सुशील कुमार, अमित, विपिन पाल आदि उपस्थित रहे।