मजदूरी करने गए 60 वर्षीय चंद्रपाल की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप।

Vijaydoot News

कोसीकलां। थाना कोसीकलां क्षेत्र के गांव सुरवारी नगला निवासी करीब 60 वर्षीय चंद्रपाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चंद्रपाल मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके पांच बेटे और दो बेटियां हैं।

परिजनों के अनुसार, 30 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे राजेश नामक व्यक्ति चंद्रपाल को घर से अपने साथ ले गया था। बताया गया कि गांव में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। इसके बाद रात करीब 9:30 बजे परिजनों को सूचना मिली कि चंद्रपाल की तबीयत खराब होने पर उन्हें कमल जाविया की गाड़ी से केडी अस्पताल, अकबरपुर ले जाया गया है।

परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो चिकित्सकों ने चंद्रपाल को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों का आरोप है कि चंद्रपाल के कंधे पर पेचकस से चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है।

मृतक की पत्नी लज्जावती ने थाना कोसीकलां में प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई कर सकती है।