रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन मथुरा स्थित सभागार में सोमवार को मिशन शक्ति केंद्रों के प्रभारियों एवं नवनियुक्त पुलिस कर्मियों के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सुरेश चंद्र रावत के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न थानों में संचालित मिशन शक्ति केंद्रों से जुड़े पुलिस कर्मियों ने प्रतिभाग किया। पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से कर्मियों को उनके दायित्वों एवं कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
इस दौरान मिशन शक्ति पोर्टल पर महिलाओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण, एंटी रोमियो स्क्वाड द्वारा चलाए जा रहे अभियानों तथा महिला बीट कर्मियों के मैदानी प्रदर्शन की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने महिला संबंधी शिकायतों पर त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उत्कृष्ट कार्यशैली एवं सराहनीय प्रदर्शन के लिए पांच महिला पुलिस कर्मियों को ‘गुड एंट्री’ प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित कर्मियों में पूजा (थाना छाता), प्रिया (थाना सदर बाजार), गुड़िया (थाना जैत), उज्जवला (थाना शेरगढ़) एवं शालिनी (थाना हाईवे) शामिल रहीं।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में मिशन शक्ति केंद्रों से संबंधित 30 महत्वपूर्ण प्रश्नों की प्रश्नावली के माध्यम से कर्मियों का ग्रुप टेस्ट भी कराया गया। इसका उद्देश्य पुलिस कर्मियों की व्यावहारिक दक्षता एवं मिशन शक्ति से जुड़े कार्यों की समझ का मूल्यांकन करना था। आयोजन के माध्यम से जनपद में महिला सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं संवेदनशील बनाने का संदेश दिया गया।