सौरभ पाठक की रिपोर्ट
अलीगढ़। मंगलायतन विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) यूनिट-5 की ओर से रन फॉर इंडिया एवं रन फॉर यूनिटी मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए एकता, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। धावकों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ निर्धारित दूरी पूरी की।
कुलसचिव कमांडर मनोज के. ने कहा कि खेल और दौड़ जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। रन फॉर इंडिया और रन फॉर यूनिटी जैसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम, एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेल एवं शारीरिक गतिविधियों को भी अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
डीन रिसर्च प्रो. रविकांत एवं डा. मनीष भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए और उन्होंने धावकों का उत्साहवर्धन किया। मैराथन के छात्र वर्ग में पांच किलोमीटर दौड़ में शिवम कुमार ने प्रथम, मनीष कुमार ने द्वितीय तथा शिवम कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं छात्रा वर्ग की तीन किलोमीटर दौड़ में निशू कुमारी प्रथम, कीर्ति कुमारी द्वितीय और वर्षा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। आयोजन एनएसएस समन्वयक डा. पूनम रानी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम अधिकारी डा. रामगोपाल सिंह रहे। संचालन छात्र शिव चंद ने किया।