मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार के कौशल विकास और व्यावसायिक शिक्षा मंत्री कपिल देव अग्रवाल की उपस्थिति में रविवार को भारतीय जनता पार्टी महानगर मथुरा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात के 134वें संस्करण का व्यापक स्तर पर आयोजन किया गया।


मथुरा -वृंदावन एवं गोवर्धन विधानसभा क्षेत्रों के 12 मंडलों में लगभग 910 बूथों पर कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम सुना। इसके साथ ही भाजपा ने आगामी चुनावों को लेकर बूथ स्तर तक अपनी सक्रियता और तेज कर दी है।
वृंदावन मंडल के विद्यापीठ शक्ति केंद्र स्थित बूथ संख्या-15 पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री के विचारों को सुना। इस दौरान महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग, उपसभापति मुकेश सारस्वत, महानगर महामंत्री विनीत शर्मा, मंडल प्रभारी कुंज बिहारी चतुर्वेदी, मंडल अध्यक्ष जितेंद्र वार्ष्णेय सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
मन की बात कार्यक्रम के बाद सभी बूथों पर बूथ समिति की बैठकें आयोजित की गईं जिनमें संगठनात्मक मजबूती और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। भाजपा के मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान की समीक्षा करते हुए पन्ना प्रमुखों के सत्यापन,लाभार्थी संपर्क अभियान तथा सरल ऐप पर शत-प्रतिशत डेटा अपडेट करने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने बताया कि कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना सहित केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से घर-घर संपर्क कर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि संगठन का स्पष्ट संदेश है बूथ जीता तो चुनाव जीता। इसी उद्देश्य के साथ सभी बूथों को डिजिटल एवं जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में दोनों विधानसभाओं के प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, महिला मोर्चा पदाधिकारी एवं बूथ अध्यक्षों की सक्रिय सहभागिता रही।