डॉ. अजमल अली ने कहा- देश में भाईचारा और एकता की सख्त जरूरत
रिपोर्ट : विजय नागपाल
मथुरा। वंचित समाज इंसाफ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शेख ने आरोप लगाया कि देश में मुसलमानों और उनकी इबादतगाहों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर की एक पुरानी मस्जिद को लेकर हुई कार्रवाई से मुस्लिम समाज में चिंता का माहौल है। उनका दावा है कि उक्त परिसर में मंदिर भी मौजूद है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से देश की सामाजिक एकता प्रभावित होती है।
डॉ. शेख ने मुस्लिम समाज से अपने अधिकारों के लिए जागरूक होने की अपील की। उन्होंने सेकुलर राजनीतिक दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें मुस्लिमों के वोट तो चाहिए, लेकिन उनके मुद्दों से कोई सरोकार नहीं है।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता नासिर खान ने लोनी में सलमान खान से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उनके खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि धमकी देने वाले व्यक्ति पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सलमान खान के साथ न्याय होना चाहिए और समाज को उनके समर्थन में खड़ा होना चाहिए। नासिर खान ने लोनी विधायक नंदकिशोर से जुड़े बयानों और वीडियो का हवाला देते हुए उनके आचरण पर भी सवाल उठाए।
पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजमल अली ने कहा कि देश में भाईचारे और आपसी सौहार्द की सख्त जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा सार्वजनिक रूप से भड़काऊ बयान दिए जाते हैं, लेकिन उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं पर बुद्धिजीवियों, समाज सुधारकों, राजनीतिक दलों और अन्य जिम्मेदार संस्थाओं की चुप्पी चिंताजनक है।
डॉ. अजमल अली ने कहा कि देश की एकता और अखंडता को किसी भी तरह का नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। सामाजिक सौहार्द बिगड़ने से देश की छवि भी प्रभावित होती है। उन्होंने सभी वर्गों से आपसी भाईचारा, शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की।


