•अखिल भारतीय समता फाउंडेशन व महात्मा ज्योतिबा फूले विकास समिति ने सौंपा तीन सूत्रीय ज्ञापन
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। अखिल भारतीय समता फाउंडेशन एवं महात्मा ज्योतिबा फूले विकास समिति, मथुरा के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश में बिजली दरों में वृद्धि तथा स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर श्रद्धांजलि दी और बिजली विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार द्वारा 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क के नाम पर बिजली महंगी की जा रही है तथा प्रीपेड स्मार्ट मीटर जबरन लगवाकर आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है। इसके विरोध में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने बिजली विभाग के तृतीय खंड, कृष्णानगर स्थित कार्यालय में अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) आशीष कुमार को तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बिजली दरों में की गई वृद्धि वापस लेने, स्मार्ट मीटर व्यवस्था की समीक्षा करने तथा उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इस अवसर पर महात्मा ज्योतिबा फूले विकास समिति के अध्यक्ष रमेश सैनी एवं सामाजिक कार्यकर्ता लुकेश कुमार राही ने संयुक्त रूप से कहा कि बढ़ती महंगाई से आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही बिजली दरें आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक भार डाल रही हैं, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।
प्रदर्शन में चित्रसेन मौर्य, यशवीर सिंह आजाद, राजकुमार आजाद, रमेश सैनी, लुकेश कुमार राही, सुमित कुमार, सागर सिंह, विनय कुमार, संजय बीडीसी, दिनेश कुमार, प्रिंस कुमार, सलाउद्दीन कुरैशी, भोला, रोहतास, गौरव कुमार, संजू कुमार, देवेंद्र कुमार, अशोक कुमार, आकाश बाबू, हरि सविता, सरदार महेंद्र सिंह, देवेंद्र कुमार आजाद, सुनील पटवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश में बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने तथा उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने की मांग की।