जिला पंचायत अध्यक्ष ने सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्र सेवा का लिया संकल्प।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के पावन अवसर पर जनपद मथुरा में विभिन्न सेवा-कार्यों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में, मथुरा के माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष श्री किशन चौधरी जी ने गोशाला पहुंचकर गौ सेवा की और गौमाता को अपने हाथों से हरा चारा खिलाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री किशन चौधरी ने कहा गौ सेवा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में सेवा, करुणा एवं समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए राष्ट्र की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। इस पावन अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को रेखांकित किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य माननीय प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल में आए नीतिगत सुधारों, जनकल्याणकारी कार्यों व देश-प्रदेश में आए ऐतिहासिक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाना और आम जन की स्मृति में इन्हें स्थायित्व प्रदान करना है। इसके साथ ही, केंद्र सरकार के 12 वर्षों एवं राज्य सरकार के 10 वर्षों के विकास कार्यों से जनजीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों को प्रामाणिक रूप से प्रस्तुत किया गया।
गौ सेवा के दौरान उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष के भ्राता देवी सिंह (डी.एम.), पूर्व चेयरमैन (सोंख) भरत सिंह, मगोर्रा के चंद्रपाल प्रधान तथा मानवेन्द्र ओल, केएम विवि के कुलसचिव डॉ. पूरन सिंह, चांसलर सलाहकार डॉ. एस.पी. गोस्वामी, वेटरिनरी रिसर्च सेंटर के डीन डॉ. अजय प्रकाश और प्रिंसिपल डॉ. अशोक कुमार सहित केएम विश्वविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


