लखनऊ। चौक थाना पुलिस ने सोने की परत चढ़ी ब्रॉन्ज और अन्य धातु की ईंटों को असली सोना बताकर सर्राफ से लाखों रुपये की नकदी और सोने के आभूषण ठगने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 18 लाख 50 हजार रुपये नकद और 217.48 ग्राम पीली धातु के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक मामले में तीन अन्य आरोपी वांछित हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।पुलिस के अनुसार 10 सितंबर 2026 को आभूषण व्यवसायी संजीव कुमार रस्तोगी निवासी पीर बुखारा, ठाकुरगंज ने चौक थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपियों ने धोखाधड़ीपूर्वक सोने की परत चढ़ी ब्रॉन्ज और अन्य धातु की चार ईंटों को असली सोना बताकर उनसे 2861 ग्राम सोने के आभूषण और 20 लाख रुपये से अधिक की नकदी प्राप्त कर ली। तहरीर के आधार पर चौक थाने में मुकदमा संख्या 204/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत अजय चौधरी निवासी रोहतक और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।विवेचना और आरोपियों की तलाश के दौरान मामले में प्रकाश में आए अनवर पुत्र अब्दुल अजीज, निवासी खजूरी कोठी, मीनाक्षी रोड, किला कोना, गढ़गेट, थाना कोतवाली नगर, हापुड़, उम्र करीब 48 वर्ष को पुलिस ने 6 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 7:50 बजे जेनेश्वर मिश्र पार्क के पास, गोमती नगर विस्तार से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।पुलिस के मुताबिक पूछताछ और अब तक जुटाए गए साक्ष्यों से सामने आया है कि आरोपियों द्वारा घटना की तैयारी करीब डेढ़ वर्ष पहले से की जा रही थी और लखनऊ के कई सर्राफा व्यवसायी उनके निशाने पर थे। आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से सर्राफ संजीव कुमार रस्तोगी के साथ ठगी की घटना को अंजाम दिया।पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी पहचान छिपाने और निगरानी से बचने के लिए सावधानी बरतते थे। संबंधित व्यापारी से बातचीत के लिए एक ही मोबाइल फोन और सिम कार्ड का इस्तेमाल किया जाता था तथा लखनऊ पहुंचने के बाद ही मोबाइल को सक्रिय किया जाता था। आरोपी अपने निजी मोबाइल फोन और पहचान संबंधी दस्तावेज साथ नहीं रखते थे। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी से बचने के लिए सार्वजनिक परिवहन और बसों का अधिक इस्तेमाल किया जाता था। साक्ष्यों और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) और 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।गिरफ्तार आरोपी के पास से 500 रुपये के नोटों की 37 गड्डियों में कुल 18 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा 217.48 ग्राम पीली धातु के आभूषण बरामद किए गए, जिनमें 24 कंगन का कुल वजन 92.480 ग्राम, पांच हार का कुल वजन 95.62 ग्राम और एक ब्रेसलेट का वजन 29.6 ग्राम है। मामले में प्रकाश में आए आशू, मुसाहिद और सरफराज वांछित हैं।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नागेश उपाध्याय, चौकी प्रभारी चौक उपनिरीक्षक जयकृष्ण द्विवेदी, उपनिरीक्षक दीपांकर शर्मा, उपनिरीक्षक दीपक शाक्य, हेड कांस्टेबल चालक भूपेंद्र सिंह और कांस्टेबल परम सिंह शामिल रहे।
सोने की ईंट बताकर सर्राफ से ठगी करने वाला शातिर टप्पेबाज गिरफ्तार, 18.50 लाख रुपये और 217.48 ग्राम आभूषण बरामद।
P.K. Rastogi
पवन कुमार रस्तोगी पिछले पाँच वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में न्यूज़ पोर्टल में एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इन्होंने एम.ए., बीएड, पत्रकारिता तथा एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर क्षेत्र में एडीसीए तथा कला के क्षेत्र में बॉम्बे आर्ट जैसे पाठ्यक्रम भी पूर्ण किए हैं। समाचार लेखन, संपादन, जनसरोकार से जुड़े विषयों और डिजिटल पत्रकारिता में उनकी विशेष रुचि है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। वे सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को सरल, सटीक और विश्वसनीय ढंग से पाठकों तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।


